संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब 24 घंटे सर्जरी की सुविधा शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वीरवार रात को सर्जरी के लिए कोई भी मरीज अस्पताल नहीं पहुंचा, लेकिन शुक्रवार को सुबह से शाम तक 15 सर्जरी की गईं।
इन सर्जरी में छह सिजेरियन डिलीवरी, एक ऑर्थोपेडिक सर्जरी, चार परिवार नियोजन ऑपरेशन तथा अन्य सामान्य सर्जरी शामिल रहीं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी सर्जरी सफल रहीं और मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सर्जरी सुविधा को चौबीसों घंटे सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अस्पताल में पांच विशेष सर्जिकल टीमें गठित की गई हैं, जो दिन और रात दोनों समय ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि नई व्यवस्था के तहत अब किसी भी आयुष्मान कार्ड धारक मरीज को न तो सर्जरी के लिए भटकना पड़ेगा और न ही तारीखों का इंतजार करना होगा। इससे जिले के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सर्जरी सुविधा को सुचारू रूप से चलाने के लिए डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट के अनुसार लगाई गई है। आने वाले समय में सर्जरी की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इससे मरीजों को और राहत होगी।
पहले प्रतिदिन 6-7 सर्जरी की जाती थीं
इससे पहले जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 6 से 7 सर्जरी ही की जाती थीं, जो अधिकतर दिन के समय होती थीं। रात के समय केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही ऑपरेशन किए जाते थे। अब नई व्यवस्था के तहत नियमित रूप से 24 घंटे सर्जरी सुविधा उपलब्ध कराए जाने से मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि 24 घंटे सर्जरी सुविधा शुरू होने से आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को अब ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहले मरीजों को सर्जरी की तारीख के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे उनकी परेशानी बढ़ जाती थी। कई मामलों में मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ता था।