जाट आंदोलन के दौरान हुए उपद्रव में हिंसा को रोकने में नाकाम रहे सांसद धर्मबीर के भाई एसपी कैथल कृष्ण मुरारी का सरकार ने तबादला कर दिया है। उन्हें एसपी कमांडो लगाया गया है। उनके स्थान पर झज्जर के एसपी सुमित कुमार को कैथल का एसपी नियुक्त किया गया है। कृष्ण मुरारी को कैथल में जाट आंदोलन के दौरान उपद्रव को रोकने में नाकाम रहने के लोगों के आरोपों के बाद बदला गया है। इन आरोपों के बाद इस तबादले को सरकार की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
कैथल में जाट आरक्षण के आंदोलन के दौरान पुलिस सहित कई अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर संदेह जताया जा रहा है। विशेष रुप से पद्मा सिटी मॉल में हुई तोड़फोड़, एसपी आवास के बिल्कुल सामने स्थित दुर्गा स्वीट्स में तोड़फोड़ सहित शहर में कई मुख्य मार्गों पर प्रतिष्ठानों में आगजनी, कलायत व पूंडरी में पुलिस की भारी असफलता के आरोप लोगों द्वारा पिछले एक सप्ताह से लगाए जा रहे थे।
मंत्रियों सहित भाजपा के बड़े नेताओं के कैथल में किए गए दौरों के दौरान कई भाजपा नेताओं ने तो उपद्रव को रोकने में असफल रहे अधिकारियों के खिलाफ देशद्रोह तक का मामला दर्ज करने की भी मांग की थी। वहीं, मंगलवार को पूरे शहर के लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रख कर अपना रोष जताया। इसी बीच मंगलवार सुबह ही एसपी के तबादले की सूचना आ गई थी। जिस पर राज्यमंत्री नायब सैनी ने पत्रकारों के साथ हुई बातचीत में मोहर लगा दी। कृष्ण मुरारी भिवानी से सांसद धर्मबीर के भाई हैं। उन्हें अब एसपी कमांडो लगाया गया है।