पाकिस्तान के नंबर से लोगों को लाटरी के ड्रा में लाखों रुपये निकलने बारे लगातार फोन करके परेशान किए जाने का सिलसिला जारी है। कलायत थाना में दी अपनी शिकायत में बलजीत सिंह नायक ने आरोप लगाया कि गत दिवस करीब 4 बज कर 17 मिनट पर उनके पास 0923067069299 नंबर से फोन आया। बोलने वाले ने कहा कि वह आइडिया कस्टमर केयर से आकाश वर्मा बोल रहा है।
उसने कहा कि जनवरी मास में नरेंद्र मोदी व अमिताभ बच्चन ने गरीब लोगों की मदद के लिए एक स्कीम शुरू की थी, जिसमें आपके मोबाइल नंबर का 25 लाख रुपये का इनाम निकला है। उसने आगे की जानकारी के लिए एक अन्य नंबर 00923016066507 पर तुरंत प्रभाव से फोन करने को कहा। तथाकथित आकाश वर्मा ने निर्देश देते हुए उन्हें कहा कि इस बारे किसी को बताना मत क्योंकि जिस के पास सिम होगा इनाम उसी को मिलेगा। ऐसे में सिम के लिए कोई आपका कत्ल भी कर सकता है। आपको बिना किसी को बताए दिए गए नंबर पर तत्काल फोन करना है तथा आगे फोन पर विजय कुमार आपको जो निर्देश दे उनका पालन करना है।
वे ही आपको बताऐंगे कि इनाम के 25 लाख रुपये कौन से बैंक व कहां से मिलेंगे। जिस व्यक्ति ने उनको फोन किया था वह थोड़ी थोड़ी देर बाद उनको फोन करके पूछता रहा कि फोन किया कि नहीं। उनको जवाब देता रहा कि मेरे फोन में बैलेंस नही है तथा अभी अपने साइकिल पर सवार हो कर शह र जा रहा हूं वहां जाकर रिचार्ज करवा कर फोन करूंगा। 4 बज कर 36 मिंट फिर 5 बज कर 18 मिनट तथा फिर 5 बज कर 41 मिनट पर उनका फोन आया तो कहा कि यदि इतना ही जरूरी है तो वे खुद फोन कर सकते हैं।
इतना सुनते ही उसने फोन पर गंदी गंदी गालियां देनी शुरू कर दी। बलजीत ने अपना शक जाहिर किया कि पाकिस्तानी के नंबरों से फोन करके शायद कोई खुफिया जानकारी हासिल करने में लगा है। उनका कहना है कि ये नंबर उन लोगों के पास कहां से आ रहे हैं तथा लोगों को मूर्ख बना कर उनके कंप्यूटर व मोबाइलों के माध्यम से क्या डाटा चुरा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि नंबर की जांच करके पता किया जाए कि ये लोग किस किस को फोन लगा चुके हैं तथा उनका प्लान क्या है। कहीं देश के प्रति कोई गहरी साजिश तो नही रची जा रही।