संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, जगदीशपुरा के जीवविज्ञान द्वितीय वर्ष के छात्र सुमित कुमार ने राज्य स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता करनाल के दयाल सिंह कॉलेज में आयोजित की गई थी।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भांबू ने सुमित को सम्मानित किया और उनकी सराहना की। उन्होंने बताया कि इस वार्षिक प्रतियोगिता में हरियाणा भर के विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। सांत्वना पुरस्कार के रूप में सुमित को चार हजार रुपये की राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
सुमित ने “दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में विज्ञान की भूमिका” विषय पर गहन और सटीक निबंध प्रस्तुत किया, जिसमें उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विषय की गहरी समझ की झलक मिली।
प्राचार्य ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां न केवल संस्थान के लिए सम्मान की बात होती हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी वैज्ञानिक अनुसंधान और शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर विज्ञान गतिविधियों के प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार और समिति के अन्य सदस्यों ने सुमित को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में डॉ. इंदु रवीश, डॉ. पूजा, डॉ. अमित, डॉ. सीमा जांगड़ा मौजूद रहे।