संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत की एक कपड़ा दुकान से सूट चोरी के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने हांसी निवासी सुनीता और कविता को उनके घर से दबोचा। गिरफ्तारियों के बाद मामले में कुल पांच में से सभी आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि कलायत निवासी अनिल की शिकायत के अनुसार, उसकी पत्नी कलायत में कॉस्मेटिक और कपड़ों की दुकान चलाती है। 31 मार्च की दोपहर कुछ अज्ञात लोग ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और मौका मिलते ही करीब 30 सूट चुराकर निकल गए। कलायत थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि चोरी की वारदात एक संगठित गिरोह ने अंजाम दी है। इसमें पांच लोग शामिल थे। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अब दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद मामले की कड़ियां जुड़ गई हैं। उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी सूट भी बरामद कर लिए गए हैं।
पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।