जिला उप शिक्षा अधिकारी ने सोमवार को राजकीय कन्या विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां एडवाइजरी के बावजूद पानी खड़ा मिला। इस पर डिप्टी डीईओ ने कड़ी फटकार लगाते हुए स्कूल मुखियों को निर्देशों की पालना के निर्देश दिए।
उप जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने सोमवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जाकर वहां रखे कूलर व गमलों एवं पानी की टंकी की जांच की। गमलों एवं कूलरों में पुराना पानी मिला। इस पर उप जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल को सख्त निर्देश देते हुए सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। काफी दिनों से जमा पानी को समाप्त करने के निर्देश दिए। छात्राओं को फुल बाजू के कपड़े पहनने के लिए कहा गया। उप जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अगर किसी स्कूल में डेंगू का लारवा पाया जाता है तो उसकी जिम्मेवारी स्कूल प्रिंसिपल की होगी।
उधर, डिप्टी डीईओ शमशेर सिरोही ने कहा कि कुछ स्कूलों में प्रिंसिपल अभी भी डेंगू के प्रति जागरूक नहीं है। जिले के सभी बीईओ एवं प्रिंसिपल को आदेश जारी किए जाएंगे कि वह स्वयं स्कूलों में जाकर सफाई व्यवस्था की जांच करें। अगर किसी स्कूल में जांच में लारवा पाया जाता है तो उसके जिम्मेवार स्कूल संचालक होंगे।