कैथल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अपराजिता ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास जमा नहीं कराया है, वे 24 जुलाई तक हर हाल में अपना प्रपत्र जमा करा दें। साथ ही निर्वाचक पंजीयन अधिकारी सुनिश्चित करें कि जिन मतदाताओं ने अपना प्रपत्र जमा करवा दिया है, उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो जाए। यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी एवं समयबद्ध की जाए। डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंस रूम में विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्य की समीक्षा कर रहीं थीं। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवासन द्वारा सभी जिला उपायुक्तों से अभियान की प्रगति रिपोर्ट ली और चुनाव आयोग की गाइडलाइन का शत प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि गणना प्रपत्र जमा नहीं कराने वाले मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा और उन्हें दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया के माध्यम से अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा। इस अवसर पर डीएमसी कपिल शर्मा, कैथल एसडीएम संजय कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम मनीष यादव मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस दौरान फार्म-6, फार्म-7 और फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होने चाहिए। अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची संबंधित मतदान केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित की जाए। जिन मतदाताओं के नाम, जन्म तिथि अथवा अन्य विवरणों में कोई विसंगति पाई जाएगी या जिनका सत्यापन लंबित रहेगा, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने पर संबंधित मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आगामी 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।