संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नेशनल रोड सेफ्टी माह के तहत एक जनवरी से 31 जनवरी तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत वीरवार को विद्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारियां दी गईं।
सोसाइटी फॉर अशोका लीलैंड ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट से आए प्रशिक्षक पुनीत धीमान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक और विशेषकर बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण देश में प्रतिदिन औसतन 485 लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होकर अपनी जान गंवा देते हैं। गत वर्ष करीब 1.70 लाख लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई, जो चिंता का विषय है।
मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर संजीव कुमार और सब इंस्पेक्टर धर्मवीर ने अमूल्य जीवन की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का पालन जरूरी है। ट्रैफिक पुलिस के एएसआई मनजीत सिंह ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है, क्योंकि यह दुर्घटना के समय जान बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने छात्रों से आह्वान किया कि वे अतिथियों द्वारा दी गई जानकारियों को केवल सुनें ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में जाट हाई स्कूल समिति के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, उपप्रधान बलजिंदर बनवाला और महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ने सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के अन्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सत्यवान माजरा, दलवीर कैरो, महावीर राविश, राजपाल सहित विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।