आरकेएसडी कॉलेज में दाखिले के लिए पहुंचे छात्र। विज्ञप्ति
कैथल। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिलों का शेड्यूल बदल दिया। विभाग ने बुधवार को संशोधित शेड्यूल जारी किया। संशोधित शेड्यूल के अनुसार पहली मेधा सूची में शामिल छात्र 4 अगस्त तक दाखिलों के लिए फीस जमा करवा सकेंगे। फीस के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने की वजह से दूसरी मेधा सूची का इंतजार अब और लंबा हो गया है।
अब 6 अगस्त को दूसरी फाइनल मेधा सूची जारी होगी। पहले यह 30 जुलाई को जारी होनी थी। द्वितीय मेधा सूची में चयनित विद्यार्थी 7 अगस्त से 11 अगस्त तक फीस जमा करवा सकेंगे। उसके बाद भी खाली रहने वाली सीटों को फिजिकल काउंसलिंग के जरिये भरा जाएगा। शहर में चार प्रमुख कॉलेज हैं और उनमें सबसे ज्यादा दाखिले आरकेएसडी कॉलेज और सबसे कम जाट कॉलेज में हुए हैं। राजकीय कॉलेज कैथल में भी दाखिलों की स्थिति ठीक नहीं है और कुछ कोर्स में तो ये अब भी 10 सीटों तक नहीं पहुंच सका है।
दाखिले कम होने से बढ़ानी पड़ी सूची
इस बार छात्र पहली मेधा सूची जारी होने के बाद से ही दाखिलों में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। जिले के प्रतिष्ठित कॉलेजों में भी पहली मेधा सूची के बाद 20 से 25 प्रतिशत सीटें ही भरी जा सकी हैं। कुछ कॉलेज ऐसे हैं जहां 10 प्रतिशत सीटों पर ही अब तक दाखिले हुए हैं। अब तक जिले में कुल सीटों की करीब 30 प्रतिशत सीटें ही भरी जा सकीं और सात हजार के करीब सीटें अब भी कॉलेजों में खाली हैं। यही कारण है कि निदेशालय को बार बार पहले आवेदन और अब दाखिलों के लिए फीस जमा करवाने की तारीख को बढ़ाना पड़ रहा है।
प्रथम मेधा सूची के अंतर्गत फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि अब 4 अगस्त है। इसलिए प्रथम मेधा सूची में चयनित जिन विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है, वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए शीघ्र अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। दूसरी सूची अब 6 अगस्त को जारी होगी।
- डॉ. गगन मित्तल, प्राचार्य, आरकेएसडी कॉलेज, कैथल।
आरकेएसडी कॉलेज में दाखिले के लिए पहुंचे छात्र। विज्ञप्ति