कैथल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों और शिक्षकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीन दिवसीय विशेष योग शिविर का शुभारंभ किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर शिविर के मुख्य संयोजक एवं विद्यालय के शारीरिक शिक्षा व्याख्याता अनूप धीमान ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास करवाते हुए योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और अध्ययन में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता भी विकसित होती है।
शिविर में विद्यार्थियों को संतुलित आहार, खेल भावना और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के महत्व पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग एवं योग प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यतेंद्र, कमलेश रानी, मीना शर्मा, सिल्की रानी, डिंपल आदि उपस्थित रहे। संवाद