संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कलायत। जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार बाजार में अतिक्रमण को हटाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है। सीवन नगरपालिका के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि दुकानदारों को अपनी दुकानों के आगे निर्धारित सीमा का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके तहत दुकानों के सामने पीली पट्टी लगाई जाएगी, जिससे तय सीमा स्पष्ट हो सके और उसके आगे सामान न रखा जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है और पैदल चलने वालों को असुविधा होती है। साथ ही, इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। नगर पालिका की टीम पहले जनजागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों से अपील करेगी कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।
यदि फिर भी नियमों का पालन नहीं किया जाता, तो प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की योजना के तहत पहले दुकानदारों को सूचित किया जाएगा, फिर निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। यदि निर्धारित सीमा का उल्लंघन पाया जाता है, तो जुर्माना, चालान और अन्य कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की है, ताकि शहर को साफ, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।
उधर, कलायत नगर पालिका कलायत आम चुनाव परिणाम के साथ ही प्रशासन ने शहर मेंं अतिक्रमण हटानेे की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग, रेलवे रोड, मटौर रोड, श्री कपिल मुनि धाम मार्ग और अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गतिशील होगी।
नगर पालिका सचिव पवन शर्मा ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के कारण लोग बेहद परेशान हैं। सडक़ों व बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे मेंं अव्यवस्था पैदा हो रही है। इस समस्या का निवारण जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो गेहूं सीजन में यह समस्या ज्यादा गंभीर रहेगी। इसलिए मुनादी के जरिये अतिक्रमण अपने स्तर पर हटाने की अपील की गई है। यदि इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।