संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा में भाजपा सरकार को आड़ेहाथ लेते हुए कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार ने आयुष्मान और चिरायु हरियाणा योजनाओं के तहत 11 गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज बंद कर गरीबों के साथ बड़ा धोखा किया है।
सुरजेवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घुटने का ट्रांसप्लांट, हर्निया सर्जरी सहित 11 प्रमुख बीमारियों के इलाज की सुविधा खत्म कर दी है। इससे पहले भी मोतियाबिंद, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, हिस्टेरेक्टॉमी और लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी जैसी बीमारियों का इलाज बंद किया जा चुका है। अब राज्य के 1.60 करोड़ कार्डधारक सरकारी अस्पतालों की लंबी कतारों, मशीनों की कमी और दवाओं की अनुपलब्धता से जूझ रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की धोखे की कैंची अब गरीबों के जीवन पर चल रही है। 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज का वादा कर वोट लूटने वाली सरकार अब एक-एक सुविधा काट रही है। निजी अस्पतालों के 600 करोड़ रुपये के बकाया का बहाना बनाकर गरीबों को मौत के मुंह में धकेला जा रहा है।
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या 600 करोड़ के बकाया का बोझ गरीबों पर डालना न्यायसंगत है? क्या भाजपा गरीबों की जिंदगी के साथ सौदा कर रही है? क्या यह कागजी स्कीम अब गरीबों के लिए कफन बन चुकी है।