प्रदेश स्तरीय हाकी प्रतियोगिता का शानदार आगाज
करनाल ने गुड़गांव को 4-0 से हराया
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। प्रदेश हाकी की ओर से सब जूनियर प्रदेश स्तरीय हाकी प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार से हाबड़ी के खेल मैदान में हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के कई जिलों से आई 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन हाबड़ी हाकी क्लब के चेयरमैन व समाजसेवी बाबू मदन मोहन हाबड़ी ने किया। इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों से व्यक्ति का संपूर्ण विकास संभव है। खेलों के बलबूते एक खिलाड़ी न सिर्फ अपनी प्रतिभा को सामने लाता है, बल्कि खेलों के दम पर वो अपने देश का नाम रोशन भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि हाकी हमारा सबसे पुराना खेल है और इस गांव के लिए तो इस खेल के अलग ही मायने है। उन्होंने बाहर के जिलों से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनसे खेल की भावना से खेलने की अपील भी की। रमेश कोच ने बताया कि ये पूरे गांव के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गांव के खेल मैदान में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर का ये तीसरा टूर्नामेंट है। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर क्लब के प्रधान स्वरूप सिंह कोटिया, नेशनल खिलाड़ी सर्वजीत कौर, सूरत सिंह, लक्खा सिंह, कुलदीप सिंह, गुरनाम सिंह, विक्रमजीत सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम का मंच संचालन व कमेंट्री पलविंद्र सिंह व सोहणा सिंह ने की।
ये रहे परिणाम-
पहले मैच में करनाल ने गुड़गांव को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में सिरसा ने भिवानी को 2-0 से हराया। तीसरे मैच में रोहतक ने पानीपत को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। प्रतियोगिता के चौथा मैच जींद व कैथल के बीच खेला गया जिसमें जींद ने कैथल को 2-1 से शिकस्त दी।