रोड़ान पट्टी की महापंचायत में लिए गए अहम निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। पूंडरी क्षेत्र के गांव सिरसल में एक बिरादरी में अब न डीजे बजेगा और न ही रिंग सेरेमनी होगी। इसके अलावा भी कई ऐसे नियम बनाए गए, जिससे समाज के व्यर्थ खर्चों पर लगाम लग सके। गांव सिरसल में मंगलवार को रोडान पट्टी की एक महापंचायत गांव के हनुमान मंदिर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता गांव सिरसल के पूर्व सरपंच हुक्म सिंह सिरसल ने की। इस महापंचायत में समाज के मौजिज लोगों ने व्यापक विचार विमर्श के बाद समाज हित में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए। महापंचायत के बारे में जानकारी देते हुए पूर्व सरपंच हुक्म सिंह ने बताया कि इसमें सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए समाज हित को ध्यान में रखकर सर्वसम्मति से कुछ नियम लागू किए गए हैं। महापंचायत में फैसला लिया गया कि गांव में शादी या किसी अन्य कार्यक्रम में डीजे बजाना बिल्कुल बंद होगा। इसके अलावा गांव में किसी बुजुर्ग के गुजर जाने पर मिठाई आदि भी नहीं बनेगी। रिंग सेरेमनी यानि मांग भरनी बिल्कुल बंद होगी, सगाई में लड़के को कोई पैसा या नकदी नहीं दी जाएगी। इन सभी फैसलों को लेने के बाद महापंचायत में ये भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई इन नियमों का उल्लंघन करेगा उसका बिरादरी से बहिष्कार के अलावा उस पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस महापंचायत में राजेंद्र कुमार, जिले सिंह, सुरता राम, बलबीर, सुरेश कुमार, सुभाष चंद, सुरेंद्र कुमार, रामधारी, रामकुमार, जगदीश चंद, सेवा राम, जगतराम, जोगिंद्र सिंह, मान सिंह, नफा, रोशनलाल, महाबीर, सुरेश, ईश्वर, पालाराम, अनिल कुमार, राजेश कुमार व ईशम सिंह सहित बिरादरी के कई लोग मौजूद रहे।