संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। श्री विश्वकर्मा मंदिर परिसर में पतंजलि योग समिति हरिद्वार एवं भारत स्वाभिमान शाखा चीका के 15 दिवसीय विशेष योग शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत स्वाभिमान ट्रस्ट प्रदेश प्रभारी ईश आर्य ने किया। उन्होंने सभी से हर गांव और शहर के वार्ड स्तर तक योग पहुंचाने का आह्वान किया।
यह शिविर मोटापा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता व उपचार के लिए समर्पित था। इस अवसर पर जिला प्रभारी रामचरण, कोषाध्यक्ष बदन सिंह, अशोक मित्तल, संजीव कुमार, विपिन कुमार आदि अतिथि उपस्थित रहे।
सभी का स्वागत पतंजलि जिला प्रभारी योगाचार्य हरिओम शोकल, तहसील प्रभारी चरणदास गुप्ता, युवा प्रभारी महावीर प्रजापति और तहसील प्रभारी जयभगवान द्वारा पटका पहनाकर किया गया।
योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प ः आर्य ने शिविर के समापन पर उपस्थित साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने आह्वान किया कि हर गांव, शहर और वार्ड स्तर पर योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य हर जिले में 200 योग शिक्षकों को तैयार करना है। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रदेश भर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर 4000 योग शिक्षक समाज को समर्पित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मंदिरों, गुरुद्वारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक योग कक्षाएं चलाई जाएं ताकि योग के लाभों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि बंद पड़ी योग कक्षाओं को सक्रिय करें, सहयोगी योग शिक्षकों को प्रशिक्षित करें।
प्रशिक्षित योग शिक्षकों को प्रमाणपत्र वितरित
समापन समारोह में प्रशिक्षित योग शिक्षकों को समिति की ओर से प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी गुरमीत सीड़ा, सुशील जिंदल, ईश्वर सिंगला, अमित आर्य, सुरेंद्र आर्य, विक्की आर्य, राजपाल वर्मा, रामपाल चावला, दीपक जिंदल उपस्थित रहे।