संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/कलायत। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद नवीन जिंदल के प्रयासों से रेलवे की ओर से अजमेर में मदार के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की जाएगी। इस ट्रेन का संचालन आगामी नौ से 12 मार्च तक किया जाएगा। वहीं, यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से वाया कैथल व जींद, रोहतक, झज्जर और रिंगस होकर गुजरेगी।
इससे इस ट्रेन के माध्यम से कैथल के यात्री बाबा खाटू श्याम तक की यात्रा कर सकेंगे। वहीं, इस ट्रेन के चलने से कैथल के लोगों को राजस्थान जाने में आसानी होगी।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही रेल यात्री कल्याण समिति की ओर एक दिन का धरना प्रदर्शन किया गया। इसमें सांसद से मेला के लिए स्पेशल ट्रेन को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। इस समय कैथल से तीन पैसेंजर व एक एक्सप्रेस व डेमू ट्रेन का संचालन रेलवे की ओर से किया जा रहा है। कैथल से फिलहाल खाटू श्याम जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है।
राजस्थान के अजमेर के ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह व खाटू श्याम पर फाल्गुन माह में लगने वाले मेले में हजारों भक्त जाते है। यह ट्रेन गाड़ी संख्या 09727 नौ मार्च को अजमेर मदार से सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर चलाकर शुरू किया जाएगा। यह कैथल रेलवे स्टेशन पर शाम छह बजकर चार मिनट पर पहुंचेगी और रात को सात बजकर 40 मिनट पर कुरुक्षेत्र जंक्शन पर पहुंचेगी।
वापसी में यही ट्रेन 09728 रात 10 बजे कैथल स्टेशन पर अजमेर जाने के लिए आएगी, जो अगले दिन सुबह आठ बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में 18 कोच होंगे। जिसमें 16 साधारण श्रेणी एवं दो कोच गार्ड श्रेणी के होंगे। स्टेशन सुपरिटेंडेंट एनके शर्मा
ने बताया कि मेला स्पेशल दोनों रेलगाड़ियां 9 से 12 मार्च तक अपने गंतव्य तक चार चार चक्कर लगाएंगी।
उन्होंने बताया कि मदार से चलने वाली ट्रेन किशनगढ़, नरैना, रिंगस, श्री माधोपुरा, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, नरवाना, कैथल होते हुए सायं 7:40 पर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे।
उत्तर रेलवे की ओर से मिले पत्र में अजमेर में मदार के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू करने की जानकारी मिली है। यह ट्रेन आगामी नौ से 12 मार्च तक संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन वाया रिंगस होकर गुजरेगी। ऐसे में कैथल से बाबा खाटू श्याम जाने वाले लोग इस ट्रेन के माध्यम से खाटू धाम तक की यात्रा कर पाएंगे। -नरेंद्र शर्मा स्टेशन अधीक्षक, कैथल रेलवे