गुहला-चीका। लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में वीरवार को एसडीएम कार्यालय में समाधान शिविर लगाया गया, जिसमें बिजली, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पेंशन और जमीन संबंधी शिकायतें सामने आईं। इनमें कई का समाधान मौके पर कराया गया।
नायब तहसीलदार राहुल डोगरा ने शिविर में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों की सहायता से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए तथा लोगों को विभागीय प्रक्रियाओं की सही जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
नायब तहसीलदार ने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे शिकायतों के निपटान में तेजी आती है। संवाद