संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। सेरधा गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ हालात और गंभीर हो गए हैं तथा पीने के पानी की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक पानी की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रही है। इसके कारण वहां रहने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी की कमी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
उनका कहना है कि गांव की मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। वाटर सप्लाई का स्रोत गांव से काफी दूर होने के कारण पानी सभी बस्तियों तक पूरी मात्रा में नहीं पहुंच पाता। इसके अलावा गांव में लगाए गए बोरवेल भी छोटे हैं, जिससे पानी की उपलब्धता सीमित बनी हुई है।
जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की मांग : ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में बड़े स्तर पर बोरवेल स्थापित किए जाएं और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।