संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। श्री कपिलमुनि राजकीय महिला महाविद्यालय में प्रतिभा खोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नृत्य में स्नेहा वर्मा व गायन में गुंजन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी मैडम रीतू देवी ने बताया कि महाविद्यालय में हर वर्ष प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता होती है, जिसमें पहले दिन साहित्यिक प्रतियोगिताओं और दूसरे दिन मंचीय गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
शनिवार को नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि महाविद्यालय के सेवानिवृत प्राचार्य राजेश कुमार सैनी ने शिरकत की और विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत उप-प्राचार्य शीशपाल भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पंडाल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्नेहा वर्मा, द्वितीय स्थान दीक्षा और तृतीय स्थान प्रीति ने प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुंजन, द्वितीय स्थान मनदीप और तृतीय स्थान जयकौर ने हासिल किया। मुख्य अतिथि राजेश कुमार सैनी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सभी प्रतियोगिताओं में भी भाग लेना चाहिए और अपने कॅरिअर के प्रति सचेत रहना चाहिए। इस अवसर पर प्राचार्य सुनील गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं में छुपी प्रतिभा को बाहर लाने में सहायक होते हैं और यह उनके लिए सुनहरा अवसर होता है। पिछले तीन बैचों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका जसबीर (राजकीय विद्यालय नरवाना), प्राध्यापक सतीश कुमार और रेनू ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मैडम रीतू देवी ने धन्यवाद किया।