संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीआईए-1 पुलिस ने थाना ढांड क्षेत्र में राजस्थान निवासी नशा तस्कर हंसराज उर्फ नरेश निवासी रेगल पिपली आचार्य, जिला राजसमंद (राजस्थान) को 2 किलो 675 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने दी।
उन्होंने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत की अगुवाई में एएसआई गुरदान सिंह अपनी टीम के साथ गश्त के दौरान बस अड्डा ढांड के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजसमंद का हंसराज अफीम की तस्करी करता है और वह गांव खेड़ी रायवाली बस अड्डे पर किसी व्यक्ति को अफीम देने आने वाला है।
पुलिस टीम ने कैथल-कुरुक्षेत्र रोड स्थित बस अड्डा खेड़ी रायवाली पर नाकाबंदी कर दी। शाम करीब पांच बजे ढांड की ओर से आए एक व्यक्ति को काबू कर लिया। मौके पर पहुंचे डीएसपी बीर भान की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो उसके बैग में रखी एक पॉलिथीन से 2 किलो 675 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ थाना ढांड में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी एसआई प्रवीन कुमार ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अदालत में पेश कर उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा सके।
डीएसपी बोले- नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस द्वारा एक ओर जहां आमजन को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों पर सख्त शिकंजा कसा जा रहा है। गत वर्ष के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत 112 मामले दर्ज किए गए और 206 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 14 किलो 505 ग्राम अफीम, 10 किलो 976 ग्राम चरस, 101 किलो 430 ग्राम चूरा पोस्त, 11.45 ग्राम स्मैक, 268.90 ग्राम हेरोइन, 76 किलो 664 ग्राम गांजा, 1622 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3 किलो 935 ग्राम अफीम फसल, 305 इंजेक्शन तथा 66 हजार नशीली गोलियां बरामद कीं। इनमें से 20 मामले कमर्शियल क्वांटिटी के थे, जिनमें 60 आरोपियों को काबू किया गया। चालू वर्ष में अब तक नशा तस्करी के 20 मामलों में 25 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 13 नशा तस्करों को एक वर्ष के लिए जिला जेल में डिटेन कराया गया है। नशा तस्करी के दो मामलों में दो पीओ आरोपियों की लगभग दो करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करवाई गई है, जबकि दो अन्य मामलों में दो करोड़ से अधिक की संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2025 के दौरान अदालत में सुनवाई के दौरान नशा तस्करी के 186 मामलों में से 146 में सजा सुनाई जा चुकी है।