संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले की अनाज मंडियों में इस समय गेहूं की आवक व खरीद का कार्य जोरों पर है, लेकिन खरीद अनुसार फसल का उठान नहीं हो रहा है। शुक्रवार देर शाम को आंधी के बाद हुई बारिश के बाद
खुले में पड़ा गेहूं खराब हुआ था। वहीं, पिछले तीन दिन से बारदाना की भी कमी हो रही है।
उधर, उठान न होने का सबसे बड़ा कारण वाहनों की कमी माना जा रहा है। मंडियां गेहूं से भरी पड़ी हैं। वाहनों के गुजरने के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है, लेकिन उठान न होने से अब फसल लेकर आने वाले किसानों को परेशानी
का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें फसल डालने के लिए जगह नहीं मिल रही है। जहां एक ओर उठान की समस्या है, वहीं मौसम भी मंडी में पहुंची फसल को खराब कर रहा है।
शुक्रवार की देर रात हुई बारिश के कारण मंडियों में पड़े गेहूं के ढेर भीग गए। हालांकि ढेरों को तिरपाल से ढका गया था, लेकिन फसल के ढेरों के नीचे पानी जमा हो गया और काफी फसल भीग गई। इसके कारण धूप निकलने के बाद किसान अपनी फसल को सुखाते नजर आए।
चीका में निगरानी कर रहे एसडीएम
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह गेहूं की खरीद प्रक्रिया की पूरी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को चीका, भागल व अरनोली अनाज मण्डी का दौरा किया । उन्होंने मूलभूत सुविधाओं, गेहूं खरीद व उठाने आदि तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौक़े पर किसानों व आढ़तियों से बातचीत भी की।
एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। कोई भी अधिकारी व कर्मचारियों कार्य में लापरवाही ना बरते। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से लें। बिजली व पानी की सुविधाएं निरंतर चलती रहे, इसमें यदि कोई दिक्कत आती है तो तुरंत समाधान करें। मंडी में स्थित सभी शौचालय की निरंतर सफाई की जाए। बदलते मौसम को देखते हुए भी अपनी सभी तैयारियां पूरी रखें। संवाद
12 लाख पांच हजार क्विंटल गेहूं की खरीद
गौरतलब है कि मंडियों में इस समय 12 लाख पांच हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है, लेकिन उठान मात्र दो लाख 74 हजार क्विंटल का ही हो सका है। जिला प्रशासन की ओर से मंडी का दौरा कर अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे फसल का उठान समय के अनुसार करवाएं, लेकिन ट्रक व अन्य वाहन न मिलने के कारण परेशानी हो रही है। अगर शुक्रवार की तरह आगे भी मौसम खराब हुआ तो किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
तीन एजेंसियां कर रही खरीद
मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुमार ढुल ने कहा कि मंडियों में आवक और खरीद सही चल रही है। तीन एजेंसियां फसल की खरीद कर रही हैं। इनमें हैफेड, फूड एंड सप्लाई और वेयरहाउस एजेंसियां शामिल हैं। उठान को लेकर प्रशासन को समस्या से अवगत करवाया गया है। उठान सुचारू करवाने के एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं।