संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली में खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई 25 हजार रुपये की अनुदान राशि से स्कूल में नई खेल सामग्री खरीदी गई।
विद्यालय की खरीद कमेटी ने डीपीई शमशेर सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की रुचियों को प्राथमिकता देते हुए दो बैडमिंटन पोल सेट, पांच बैडमिंटन रैकेट, वॉलीबॉल नेट, बास्केटबॉल, कैरम बोर्ड और चेस का सामान क्रय किया।
खेल का नया सामान स्कूल में पहुंचा तो विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। स्कूल की छात्राओं खुशी, महक, काजल, तमन्ना, रमन सहित अन्य ने बताया कि गत दो वर्षों से वे इस सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। स्कूल प्राचार्य हरपाल सिंह ने स्टाफ सदस्यों के साथ मिलकर बैडमिंटन मैदान में पोल सेट लगाकर विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह मानसिक और सामाजिक संतुलन भी प्रदान करते हैं। खेलों से जीवन में अनुशासन, समय प्रबंधन और टीम वर्क जैसे मूल्य विकसित होते हैं।
प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया और बताया कि एक सक्रिय खिलाड़ी हमेशा कई बीमारियों से दूर रहता है। इस अवसर पर सतवीर, भारत, प्रीति पाल, रविंद्र और मंजीत ने भी बैडमिंटन खेलकर बच्चों को प्रेरणा दी और उन्हें खेलों के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि खेल से शरीर स्वस्थ रहता है और मन भी मजबूत बनता है।