कैथल। पुलिस ने चोरी व सेंधमारी के चार अलग-अलग मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इनके कब्जे से चोरीशुदा डीजल इंजन, सबमर्सिबल केबल, तीन हजार रुपये नकदी व दो मोबाइल फोन सहित दो लाख रुपये मूल्य से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद कर ली गई। गिरफ्तार किए गए चार आरोपी 19 अगस्त को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।
जनस्वास्थ्य विभाग का चोरीशुदा डीजल इंजन बरामद : सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने बताया कि उपमंडल अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी उपमंडल नंबर दो कैथल की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में दर्ज मामले के अनुसार विभाग ने सफाई ठेकेदार उदय सिंह को सीवरों की सफाई के लिए दो सिलिंडर डीजल इंजन के लिये दिया हुआ था। जिसे 28 जुलाई की रात करनाल रोड से अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गए। उक्त मामले में सीआईए-वन के एएसआई राजेंद्र ने आरोपी सतीश कुमार व राजीव उर्फ दीपक दोनों निवासी वार्ड नंबर 18 आंबेडकर कालोनी कैथल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों द्वारा अपने मकान के नजदीक खाली पड़े प्लाट में तिरपाल के नीचे छिपाया गया चोरी का इंजन पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में आगे जांच की जा रही है।
दो दुकानों में चोरी करने वाले तीन आरोपी काबू : सीआईए-वन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सत्यवान ने बताया कि गांव नरड़ निवासी किताब सिंह व भूपेंद्र सिंह करनाल रोड कैथल स्थित दुकान में गाड़ियों की सेल-परचेज का काम करते हैं, जहां से 14 अगस्त की दोपहर अज्ञात व्यक्ति शटर का ताला तोड़कर करीब 9500 रुपये नकदी चुरा ले गए। सीआईए-टू के हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने मामले में आरोपी पट्टी अफगान निवासी मंजीत व डिफेंस कॉलोनी निवासी विकास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन हजार रुपये नकदी व दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए। आरोपियों द्वारा दोनों फोन कैथल क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों से चुराने कुबूले गए हैं। दोनों आरोपी सोमवार को न्यायालय के आदेशानुसार 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए। 25 जलाई की रात इसी दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के प्रयास मामले में सीआईए-टू पुलिस के एचसी कमलजीत द्वारा आरोपी गांव नरड़ निवासी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किसान के खेत से केबल चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार : सेंधमारी के एक अन्य मामले की जानकारी देते हुए कलायत थाना प्रबंधक सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल रणदीप सिंह ने गांव शिमला निवासी रामनिवास को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चोरी की केबल बरामद कर ली। शिमला निवासी राकेश की शिकायत अनुसार उसके मटौर रोड पर स्थित खेत से 20 मई की रात को आरोपी ताला तोड़कर बिजली केबल व अन्य संपत्ति चुरा ले गया था।