गांव जाखौली निवासी बिट्टू द्वारा फंदा लगाकर की गई आत्महत्या के मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। पूंडरी थाना एसएचओ हिमाद्री कौशिक की अध्यक्षता में गठित की गई इस टीम में कुल तीन अधिकारियों को शामिल किया गया है। हिमाद्री कौशिक ने बताया कि उन्हें बुधवार को ही टीम बनाकर जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। जो भी आगामी कार्रवाई होगी वह पूर्णत: निष्पक्ष रूप से की जाएगी।
बता दें कि 26 अक्टूबर को गांव जाखौली निवासी बिट्टू ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। उससे पूर्व युवक ने एक सूसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें सात आरोपियों के खिलाफ उसे आत्महत्या को मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। युवक ने तितरम थाना में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों पर भी तंग करने के आरोप जड़े थे। मामले में तितरम थाना के एसएचओ और जांच अधिकारी को सस्पेंड भी किया जा चुका है। उक्त मामले की जांच अब स्पेशल जांच टीम द्वारा की जाएगी।