कलायत। हरियाणा में बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट मीटर लगाने और बिजली व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में कलायत जागरूक मंच व अन्य जनसंगठनों ने रविवार को गोशाला मार्केट में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद कर सरकार की नीतियों पर चर्चा की गई।
जनजागृति के लिए पर्चे भी वितरित किए गए, जिनमें बताया गया कि बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर बोझ डाल रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं से जबरन वसूली की जा रही है।
हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बिजली व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई। मंच के प्रतिनिधि जस्सी राणा और अजय ने बताया कि यह अभियान पूरे सप्ताह अलग-अलग इलाकों में चलाया जाएगा। इसके बाद एक ज्ञापन के माध्यम से सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।
कलायत जागरूक मंच ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार की बिजली नीतियों के खिलाफ एकजुट हों और इस आंदोलन का हिस्सा बनें। संवाद