राजौंद मंडी में शेड के नीचे पड़े गेहूं के कट्टे।
राजौंद। राजौंद अनाज मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ने लगी है और अब तक करीब 500 क्विंटल धान मंडी में पहुंच चुका है। हालांकि अभी तक धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि मौसम आए दिन बदल रहा है, ऐसे में वे अपनी धान की फसल को जल्द से जल्द मंडी में लाकर बेचने की तैयारी में हैं।
मंडी में शेड के नीचे अभी भी करीब 16 हजार कट्टे गेहूं के पड़े हुए हैं। इसके कारण शेड खाली नहीं हो पा रहे हैं और धान की फसल के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। सोमवार को हुई बरसात के कारण मंडी में खुले में पड़ी धान की कुछ ढेरियां भीग गईं। किसान अब भीगी हुई धान की फसल को सुखाने में जुटे हुए हैं। किसान बलवंत गुर्जर और रमेश ने कहा कि धान की कटाई का सीजन शुरू हो चुका है और मंडी में आवक तेजी से बढ़ने की संभावना है। ऐसे में धान की खरीद जल्द शुरू होना जरूरी है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि मंडी में खरीद व्यवस्था जल्द शुरू की जाए और शेड के नीचे पड़े गेहूं के कट्टों को भी जल्द हटवाया जाए, ताकि धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।
राजौंद मंडी में शेड के नीचे पड़े गेहूं के कट्टे।