संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोहतक में 24 व 25 सितंबर को हुई राज्यस्तरीय डीएवी स्कूल प्रतियोगिता में खिलाड़ी शिवचरण ने कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है। इस प्रतियोगिता में सैंकड़ो खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
प्रतियोगिता में इंडोर स्टेडियम के खिलाड़ी शिवचरण ने 42 किलोभार वर्ग में अंडर-17 में भाग लेकर बेहतरीन खेल प्रदर्शन दिखाया ओर जीत हासिल की। खिलाड़ी शिवचरण ने बताया कि राज्यस्तरीय डीएवी स्कूल प्रतियोगिता में उसका मुकाबला रोहतक, सोनीपत व झज्जर के खिलाड़ियों से हुआ था। उसने दोनों मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को मात दी।
शिवचरण ने बताया कि उसने पहले मुकाबले में सोनीपत के खिलाड़ी को 10-01 से हराया ओर फाइनल मुकाबले में रोहतक के खिलाड़ी को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। वह इंडोर स्टेडियम में कोच विजय कुमार के पास अभ्यास करता है। सुबह शाम तीन घंटे अभ्यास करता है। वह नौंवी कक्षा में पढ़ता है। उसके पिता राजेश कुमार व मां कृष्णा देवी है। उसका सपना ओलंपिक खेलना है।