शिवांगी को सम्मानित करते स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य व स्टाफ। विज्ञप्ति
राजौंद। गांव कोटड़ा की बेटी शिवांगी ने हरियाणा लोक सेवा आयोग की एचसीएस परीक्षा में 80वां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवांगी की इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। बुधवार को राजौंद स्थित ज्ञानदीप स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
स्कूल प्रबंधक कुलबीर दीक्षित और प्रधानाचार्य सतपाल सिंह ने शिवांगी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिवांगी ने 10वीं कक्षा तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने ज्ञानदीप स्कूल राजौंद से 11वीं और 12वीं की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2022 में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएससी नॉन-मेडिकल की डिग्री हासिल की। इसके बाद वर्ष 2025 में एमए लोक प्रशासन में विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। पढ़ाई के दौरान लगातार मेहनत और अनुशासन बनाए रखते हुए उन्होंने एचसीएस परीक्षा की तैयारी की और 80वां स्थान हासिल किया।
मां के निधन के बाद मामा ने संभाली जिम्मेदारी
शिवांगी की सफलता के पीछे संघर्ष और परिवार के सहयोग की अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि जब वह मात्र एक वर्ष की थीं, तभी उनकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद उनके मामा सुरजीत ने उनकी परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाली। मामा ने उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया और हर कदम पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिवांगी ने भी नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए मेहनत जारी रखी। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मामा सुरजीत के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।
विद्यार्थियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
स्कूल प्रबंधक कुलबीर दीक्षित ने कहा कि शिवांगी ने विद्यालय से पढ़ाई कर एचसीएस परीक्षा में सफलता हासिल की है, जो स्कूल और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि विद्यार्थियों को मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
शिवांगी को सम्मानित करते स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य व स्टाफ। विज्ञप्ति