कैथल। जिला खजाना अधिकारी कनिका ने बताया कि जिला खजाना कार्यालय कैथल और अधीनस्थ उप-खजाना कार्यालयों से पेंशन प्राप्त कर रहे सभी पेंशनभोगियों के लिए नेशनवाइड डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंपेन 5.0 चलाया जाएगा। इसके तहत 1 नवंबर से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने की व्यवस्था की गई है। पेंशनभोगियों की सुविधा और कार्यालयों में भीड़ से बचने के लिए नाम के पहले अक्षर के अनुसार शेड्यूल निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में ए से जी अक्षर तक नाम वाले पेंशनभोगी, दूसरे सप्ताह में एच से पी अक्षर तक नाम वाले पेंशनभोगी और तीसरे सप्ताह में आर से एस अक्षर तक नाम वाले पेंशनभोगी अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवा सकते हैं। इसी प्रकार, चौथे सप्ताह में टी से जेड अक्षर तक नाम वाले पेंशनभोगी अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाएं। जिला खजाना अधिकारी ने बताया कि जिला खजाना कार्यालय या अधीनस्थ उपखजाना कार्यालय में आकर जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने वाले पेंशनभोगी अपने पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) नंबर की फोटोकॉपी, आधार कार्ड की प्रति और मोबाइल फोन साथ लेकर आएं, ताकि प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
सीएससी और जीवन प्रमाण एप से भी मिलेगी सुविधा
उन्होंने बताया कि पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने के ऑनलाइन विकल्प भी उपलब्ध हैं। पेंशनभोगी अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जीवन प्रमाणपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा, वे अपने मोबाइल फोन में जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन अथवा बायोमेट्रिक प्रक्रिया का उपयोग करके भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।