कैथल। महाराजा सूरजमल खेल स्टेडियम में संपन्न हुई जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़ ने जीत का परचम लहराया। यह जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश गुलशन ने बताया कि प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण पदक झटके।
उन्होंने बताया कि अंडर-14 वर्षीय क्रिकेट में लड़कों की टीम ने और अंडर-19 वर्ग क्रिकेट में लड़कियों की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। ताइक्वांडो में अरविंद गिल, अमित कुमार ने स्वर्ण पदक, कमलदीप ने रजत पदक, 55 किलो. भार वर्ग में कुश्ती में और 56 किलो जूडो में होनहार छात्रा पूजा ने स्वर्ण पदक जीता।
44 किलोग्राम भार वर्ग में करवाई कुश्ती और जूडो प्रतियोगिता में मंजू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ब्रह्मपाल ने स्वीमिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार पूंडरी में 22 अगस्त को हुई जूडो प्रतियोगिता में कमलदीप, दीपक ने स्वर्ण पदक, अरिवंद गिल और राहुल ने रजत पदक हासिल किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश गुलशन ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर पीटीआई रामेश्वर, डीपीई फूल सिंह के साथ-साथ स्टाफ के अन्य सदस्यों को बधाई दी।