राजौंद। प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ आए दिन बढ़ती ही जा रही है। असंध रोड पर स्थित गैस एजेंसी में जब भीड़ होने पर नगरपालिका के चेयरमैन और पार्षदों ने हस्तक्षेप करके ग्रामीणों को समझा बुझाकर भीड़ को काबू कर प्रत्येक गांव के दिन वार निश्चित किए।
नगरपालिका चेयरमैन के पति कनाकू राणा और उप चेयरमैन निरवैर सिंह, पार्षद गुरप्रीत कौर के पति सतनाम सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस एजेंसी पर प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मिलने वाले मुफ्त में गैस कनेक्षन की भीड़ आए दिन बेकाबू हो रही थी।
उन्होंने आसपास के गांव से आने वाले बी पी एल परिवारों को समझाया कि अगर एक ही दिन में छह-छह गांव के लोग गैस कनेक्शन लेने के लिए आएंगे तो ऐसे में काम करना गैस कर्मचारियों के लिए मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने हर गांव के दिन निश्चित करके उसी गांव को उसी दिन आने के लिए प्रेरित किया ताकि सबको कनेक्शन आसानी से किया जा सके।
राजौंद और खुरड़ा के लोगों के लिए सोमवार का दिन, मंगलवार को बीरबांगडा, बिरथे बाहरी और मंडवाल, बुधवार को सेरधा, भाना, नंदकरण माजरा, वीरवार को देबवन, जाखोली कसान, शुक्रवार को खेड़ी सर्फली, कुक्करकड़ा, शनिवार को गुलियाणा, तारागढ़ व रोहेड़ा के लिए दिन निश्चित किए गए। इसके बाद गैस कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली और राजौंद के गैस लेने वाले उपभोक्ताओं को भी राहत मिली।