संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मतदान के बाद जिला के चारों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को अलग-अलग बनाए गए चार स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर सील किया जा चुका है। सुरक्षा के तहत स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे और कमरों के अंदर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रशांत पंवार ने दी।
डीसी ने इस संबंध में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ही स्ट्रॉन्ग रूम तैयार किए गए हैं। पूंडरी व गुहला विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम व मतगणना केंद्र आईजी कॉलेज की अलग-अलग भवन में बनाए गए हैं, वहीं कैथल विधानसभा क्षेत्र का स्ट्रांग रूम आरकेएसडी कॉलेज में बनाया गया है। इसी प्रकार कलायत विधानसभा का स्ट्रॉन्ग रूम आरकेएसडी स्कूल में बनाया गया है। इन स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों, सिक्योरिटी फोर्स के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। स्ट्रॉन्ग रूमों को डबल लॉक किया गया है। इसे थ्री-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम से सुरक्षा प्रदान की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रशांत पंवार ने बताया कि चार जून को सुबह मतगणना करवाई जाएगी। उस दौरान भी मतगणना केंद्रों के अंदर केवल निर्वाचन विभाग की ओर से प्राधिकृत कर्मचारी, अधिकारी, उम्मीदवार व उनके काउंटिंग एजेंट ही प्रवेश कर सकते हैं। किसी आम आदमी को मतगणना केंद्र में आने की अनुमति नहीं होगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार मतगणना की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इसके लिए चाक-चौबंद तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि चारों स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में आठ-आठ घंटे की अवधि के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट बारी-बारी से स्ट्रॉन्ग रूम पर निगरानी रखे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर शौचालय, पीने का पानी और शैड की सुविधा मुहैया करवाई गई है। स्ट्रांग रूम के परिसर तक आने और जाने वालों के लिए लॉग बुक लगाई गई है।