राजौंद। राजकीय उच्च विद्यालय तारागढ़ में शनिवार को कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का आयोजन विज्ञान अध्यापक कुलदीप मान, विद्यालय के समस्त स्टाफ तथा क्लस्टर इंचार्ज प्राचार्य रवींद्र जखोली के प्रोत्साहन से किया गया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, मानव हृदय सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार किए। विद्यार्थियों ने मॉडल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और वैज्ञानिक महत्व के बारे में जानकारी भी दी। कक्षा नौवीं के छात्र दिपांशु ने ऊर्जा संरक्षण के विषय पर तैयार मॉडल के माध्यम से ऊर्जा की बचत के महत्व के बारे में प्रभावी ढंग से जानकारी दी। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राजौंद संदीप नैन और जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।