कलायत। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बैंकिंग कार्य से गए एक वरिष्ठ नागरिक के साथ महिला अधिकारी ने अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। इस मामले में एसबीआई प्रबंधन ने त्वरित और कड़ा संज्ञान लिया है। बैंक ने तत्काल जांच बैठा दी है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फास्ट ट्रैक आधार पर जांच पूरी कर 10 दिन के भीतर शिकायत का समाधान किया जाए।
वरिष्ठ नागरिक ने इस प्रकरण की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यालय, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और एसबीआई चेयरमैन को भेजी थी। शिकायत उनकी दिवंगत माता के बैंक खातों से जुड़े कार्य में आई समस्याओं और कथित दुर्व्यवहार को लेकर की गई थी।
विज्ञापन
मामले को प्राथमिकता देते हुए एसबीआई कुरुक्षेत्र क्षेत्रीय कार्यालय के चीफ मैनेजर जयवीर सिंह शुक्रवार को स्वयं पीड़ित के रेलवे रोड स्थित आवास पर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय शाखा प्रबंधक अरुण सिंघल भी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष से पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। चीफ मैनेजर जयवीर सिंह ने कहा कि बैंक उपभोक्ता का सम्मान सर्वोपरि है और इस तरह की घटनाएं संस्थान की साख को प्रभावित करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए इसकी तथ्यात्मक जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैंक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसकी सूचना शिकायतकर्ता को भी दे दी गई है, ताकि उन्हें हर स्तर पर न्याय का भरोसा मिल सके।