कैथल। लघु सचिवालय में बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबू लाल करवा ने बताया कि हरियाणा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के निर्देशानुसार आगामी 1 जुलाई से 30 सितंबर तक सभी ग्राम पंचायतों में वित्तीय समावेशन से संबंधित योजनाओं के लिए संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत री-वेरिफिकेशन, नए लाभार्थियों को जोड़ना और नए खाते खोलने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
वीडियो कांफ्रेंस हॉल में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने अभियान की रूपरेखा को लेकर संबंधित विभागों और बैंकों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इससे पूर्व हरियाणा एसएलबीसी कन्वीनर ललित तनेजा ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अभियान से जुड़ी जानकारी साझा की। एडीसी ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों को जागरूक कर शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करवाई जाए। संवाद