संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में मंगलवार को आयोजित सशक्त पंचायत नेत्री अभियान कार्यक्रम में जिले के प्रेमपुरा गांव की सरपंच परमिंदर कौर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। वह जिले से इकलौती महिला सरपंच थीं, जिन्हें भारत सरकार की की ओर से इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उनके पति सतनाम सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने पंचायत स्तर पर महिला सशक्तीकरण, प्रशासनिक नेतृत्व और गांवों के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। गौरतलब है कि सरपंच परमिंदर कौर को उनके गांव प्रेमपुरा में किए गए अद्वितीय विकास कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में गांव में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गईं, जिनमें शामिल हैं। उन्होंने अपने खर्चे से गांव के लोगों के लिए फ्री एम्बुलेंस सेवा शुरू की, जिससे ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
उन्होंने अपनी चार कनाल निजी भूमि दान कर गांव में एक आधुनिक ग्राम सचिवालय का निर्माण करवाया, जिससे पंचायत के सभी कार्य सुचारू रूप से हो सकें। गांव की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर गली और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
गांव में सीवरेज और पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध किए गए, जिससे जलभराव की समस्या खत्म हुई। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गांव में ई-लाइब्रेरी स्थापित की गई, जहां छात्र-छात्राएं डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर सकते हैं।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए सरपंच को किया सम्मानित
सम्मान मिलने के बाद सरपंच परमिंदर कौर ने भारत सरकार और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे गांव प्रेमपुरा और जिले का सम्मान है। उन्होंने यह संकल्प लिया कि वे अपनी पंचायत में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वच्छता और ग्रामीण विकास को और अधिक मजबूत करेंगी। परमिंदर कौर ने कहा कि यह सम्मान उन्हें नहीं, बल्कि पूरे जिले को मिला है सभी के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि से जिले की अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी इसी तरह ग्राम विकास और महिला सशक्तीकरण की दिशा में कार्य करेंगी।