संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेशभर में पिछले एक सप्ताह से बंद पड़े सरल पोर्टल के शुक्रवार को शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन तकनीकी कारणों से यह अब तक शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ई-दिशा केंद्रों पर ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी जैसे कार्यों से लेकर अटल सेवा केंद्रों पर निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का कार्य पूरी तरह बाधित है।
वहीं, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के लिए आवेदन प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। पोर्टल बंद होने के चलते न तो नए आवेदन हो पा रहे हैं और न ही दस्तावेज़ अपलोड किए जा रहे हैं।
आधार से लेकर आयुष्मान तक, सभी सेवाएं प्रभावित ः सरल पोर्टल के बंद होने से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, परिवार पहचान पत्र जैसे दस्तावेज भी नहीं बन पा रहे हैं। लोग जरूरी कामों के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वहाँ भी कोई समाधान नहीं मिल रहा।
सीएससी संचालकों को भी दिक्कत ः खुराना रोड स्थित सीएससी संचालक गौरव ने बताया कि, सरकार की ओर से संचालित यह पोर्टल पिछले सात दिन से बंद है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग सेवा केंद्र पर पहुंचते हैं, लेकिन पोर्टल काम न करने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ता है।
स्थानीय बुजुर्ग सुल्तान सिंह, जिले सिंह और अजीब सिंह ने बताया कि उनके कई जरूरी काम, जैसे परिवार पहचान पत्र बनवाना, अटके पड़े हैं। दस्तावेज़ न होने से वे किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।