कैथल। शातिर ठगों ने अमेरिका भेजने और वहां नौकरी दिलाने के नाम पर कौल गांव निवासी 22 वर्षीय हेमंत शर्मा से 80 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि जालंधर निवासी विक्की शर्मा और उसकी पत्नी चांदनी उर्फ चाहत शर्मा ने युवक को दो महीने में अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया था और इसके बदले अलग-अलग किस्तों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से रुपये ले लिए। निर्धारित समय में विदेश नहीं भेजने पर आरोपियों ने युवक को वीजा और हवाई टिकट थमा दिए, जो जांच में नकली निकले। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुलिस को तीन बार शिकायत दी, लेकिन आर्थिक अपराध शाखा ने जांच के बाद शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद हेमंत ने अदालत में याचिका दायर की। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने जालंधर, पिहोवा, दिल्ली और मेरठ के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हेमंत ने बताया कि उसने 24 अप्रैल 2025 को एसपी कैथल को शिकायत दी थी। जिसे जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा भेजा गया। जांच के दौरान उसके और पिता के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा प्यारे लाल, विक्की शर्मा सहित अन्य लोगों के भी बयान लिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच में रकम के लेनदेन संबंधी तथ्य सामने आने के बावजूद आरोपियों को क्लीन चिट दे दी गई। उसने तीन बार शिकायत दी, लेकिन हर बार शिकायत बंद कर दी गई। पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उसने अदालत में याचिका दायर कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
इंग्लैंड में हुई मुलाकात, भारत लौटने पर बिछाया ठगी का जाल
गांव कौल निवासी हेमंत शर्मा ने शिकायत में बताया कि सितंबर 2023 में वह इंग्लैंड गया था। वहां उसकी मुलाकात पिहोवा निवासी विजय से हुई। भारत लौटने के बाद भी दोनों संपर्क में रहे। विजय ने उसकी पहचान जालंधर निवासी विक्की शर्मा से करवाई। इसके बाद विक्की पत्नी चांदनी उर्फ चाहत शर्मा के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों ने अमेरिका भेजने और वहां नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। वहीं उनके पिता अश्वनी शर्मा ने आरोपियों को कहा कि वह बेटे को केवल कानूनी तरीके से विदेश भेजना चाहते हैं। इस पर आरोपियों ने 80 लाख रुपये खर्च आने की बात कही और दो माह में अमेरिका भेजने का दावा किया।
जालंधर में दिए आठ लाख, पिहोवा में भी वसूले दस लाख
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने हेमंत और उसके पिता को पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज लेकर जालंधर बुलाया। एक अक्तूबर 2024 को दोनों वहां पहुंचे। उन्होंने विक्की शर्मा, उसकी पत्नी चांदनी और भाई देवेंद्र शर्मा को आठ लाख रुपये नकद दिए गए। इस लेनदेन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, जिसे उसने अदालत में साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया है। इसके बाद आरोपियों ने पिहोवा के गांव बाखली निवासी प्यारे लाल को अपना साझेदार बताकर उससे संपर्क करने को कहा। आरोप है कि उसे और उसके पिता ने पिहोवा अनाज मंडी स्थित प्यारे लाल की दुकान पर दस लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा चार दिसंबर 2024 को विक्की शर्मा को पांच लाख और 28 दिसंबर को प्यारे लाल को सात लाख रुपये दिए गए।
घर आकर लिए तीन लाख, तीन दिन बाद जालंधर में वसूले 14 लाख
हेमंत के अनुसार तीन जनवरी 2025 को विक्की शर्मा और उसकी पत्नी उसके घर पहुंचे। दोनों ने विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी होने का दावा कर तीन लाख रुपये और ले लिए। इसके तीन दिन बाद छह जनवरी को उन्होंने जालंधर स्थित कार्यालय में आरोपियों को 14 लाख रुपये नकद दिए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विक्की के कहने पर उसके बैंक खाते के अलावा दिल्ली निवासी बृज मेहता और मेरठ निवासी श्याम उर्फ साहिल राणा के खातों में गूगल पे व अन्य ऑनलाइन माध्यमों से करीब 35 लाख रुपये भेजे गए। शिकायतकर्ता ने कुल मिलाकर करीब 80 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।
अदालत में दी शिकायत के आधार पर ढांड थाना पुलिस ने जालंधर निवासी विक्की शर्मा, उसकी पत्नी चांदनी उर्फ चाहत शर्मा, देवेंद्र शर्मा, पिहोवा के गांव बाखली निवासी प्यारे लाल, दिल्ली निवासी बृज मेहता और मेरठ निवासी श्याम उर्फ साहिल राणा को नामजद किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 338, 340, 340(2) और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई बलकार सिंह को सौंपी गई है।
सुशील प्रकाश, डीएसपी, अपराध शाखा