कैथल। मोबाइल पर आए ओटीपी से युवक के बैंक खाते से दो लाख 59 हजार रुपये पार हो गए। पीड़ित युवक की साइबर थाने को दी शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव पाई निवासी अभिषेक ने बताया कि गांव में उसकी दूध की डेयरी है और उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है, जिसमें उसका मोबाइल नंबर पंजीकृत है। 12 नवंबर को उसके बैंक खाते से दो संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुईं। पहली ट्रांजेक्शन में दो लाख रुपये और दूसरी में 59 हजार रुपये खाते से कट गए।
अभिषेक ने बताया कि उसने कभी भी अपने बैंक खाते से संबंधित कोई जानकारी किसी के साथ साझा नहीं की और न ही उसके पास किसी प्रकार का लिंक आया था। हालांकि, 5 नवंबर को उसके मोबाइल नंबर पर ओटीपी जरूर आए थे। पीड़ित के अनुसार, 5 नवंबर से पहले उसका एचडीएफसी बैंक का एक अन्य खाते का डेबिट कार्ड गुम हो गया था। उसे आशंका है कि उसी डेबिट कार्ड के जरिए किसी ने उसके खाते से लेन-देन कर ओटीपी हासिल किए और ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित युवक ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की मांग की है। साइबर थाना एसएचओ सुभ्रांशु ने बताया कि पाई निवासी अभिषेक की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। संवाद