कलायत। पिंजुपुरा गांव में बुधवार देर रात एक मकान के कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान मालिक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कमरे में सो रहा था। छत गिरने से तीनों मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और तीनों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल के भाई कुलबीर सिंह ने बताया कि मकान उसके छोटे भाई का है। वह दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार रात वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कमरे में सो रहा था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक कमरे की छत गिर गई। छत के मलबे में तीनों दब गए।
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और तीनों को मलबे से बाहर निकाला। महिला को नरवाना अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे में मकान मालिक और उसके बच्चे को भी चोटें लगी हैं। परिजनों ने बताया कि परिवार इस हादसे में बाल-बाल बच गया। उन्होंने मकान को हुए नुकसान को देखते हुए सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।