संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंबाला रोड पर शनिवार देर रात रोडवेज बस और कैंटर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस का आगे का हिस्सा और कैंटर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार लगभग 50 यात्री सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे लगवाया और यात्रियों को अन्य बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक रवाना किया।
कैंटर चालक सुनील ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे पिहोवा से कैथल की ओर आ रहा था। जैसे ही वह अंबाला रोड पर पहुंचा, अचानक तीन-चार भैंसें सड़क पर आ गईं। उसने ब्रेक लगाए, जिससे पीछे से आ रही रोडवेज बस ने कैंटर को टक्कर मार दी। टक्कर से कैंटर का पिछला हिस्सा और बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बस चालक कृष्ण कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से फतेहाबाद जा रहा था। कैंटर के आगे अचानक पशु आने से हादसा हुआ। उसने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन दूरी कम होने के कारण बस कैंटर से टकरा गई। सौभाग्य से बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं लगी। डायल-112 इंचार्ज एसआई मनवीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। हादसा सड़क पर पशु आने की वजह से हुआ। दोनों चालकों को समझाकर भेज दिया गया। वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।