संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के वार्ड-18 में टूटी और ऊबड़-खाबड़ सड़कों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर गली नंबर-9 की हालत बेहद खराब है, जहां से गुजरना राहगीरों के लिए जोखिम भरा बन चुका है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण कई बार ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क बेहद खतरनाक हो गई है। गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं और गिरने का डर बना रहता है। कई वाहन चालक चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
नाराज लोगों का कहना है कि अप्रैल में सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
सड़क के साथ-साथ क्षेत्र में सीवर जाम की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
स्थानीय निवासी प्रवीण ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में रोष बढ़ रहा है।
पैदल चलना भी मुुश्किल
गली में इतने गड्ढे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश में हालात और खराब हो जाते हैं, क्योंकि पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। -रामदरबारा, स्थानीय निवासी।
नहीं हो रही सुनवाई
बच्चों और बुजुर्गों के लिए टूटी सड़कों से निकलना बेहद जोखिम भरा है। कई बार शिकायत देने के बावजूद इस बारे में कोई सुनवाई नहीं हो रही और लोग रोजाना चोटिल हो रहे हैं। -इंदर, स्थानीय निवासी।
सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और संबंधित विभाग को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही सीवर समस्या का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। इससे वार्डवासियों को राहत मिलेगी।
-बलजीत इंदल, वार्ड पार्षद
वार्ड नंबर 18 में गली नंबर नौ की टूटी सड़कें। संवाद
वार्ड नंबर 18 में गली नंबर नौ की टूटी सड़कें। संवाद