संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुहला से चाणचक गांव तक नहर किनारे सड़क निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह सड़क पंचायती राज विभाग के माध्यम से बनाई जाएगी, जिस पर करीब 4 करोड़ 24 लाख 83 हजार रुपये का खर्च आएगा। 16 फीट चौड़ी यह सड़क पहले कई विभागों के पास स्वीकृति के लिए भेजी गई थी, लेकिन कम चौड़ाई के कारण लगातार अटकी रही।
सबसे पहले प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी विभाग को भेजा गया, फिर मार्केटिंग बोर्ड और उसके बाद सिंचाई विभाग के पास, लेकिन सभी जगह सड़क की चौड़ाई ही मंजूरी में बाधा बनती रही।
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और लगातार अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकाला। अंत में यह तय हुआ कि पंचायती राज विभाग के माध्यम से सड़क का निर्माण संभव है, क्योंकि इस विभाग के नियमानुसार कम चौड़ाई वाली सड़कें भी बनाई जा सकती हैं। अब सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
लेबर फेडरेशन ने पूर्व विधायक को किया सम्मानित
गुहला-चीका। पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर के प्रयासों से हरियाणा सरकार ने सहकारी श्रम एवं निर्माण समितियों को दी जाने वाली रियायतों की अवधि 31 मार्च 2030 तक बढ़ा दी है। इस निर्णय से प्रदेश के मजदूरों और समितियों से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। सहकारिता विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। यह जानकारी मिलने पर कैथल जिला लेबर फेडरेशन ने सोमवार को पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि बाजीगर की पहल पर सरकार ने एक करोड़ रुपये तक के कार्य अब सीधे सहकारी समितियों के लिए आरक्षित कर दिए हैं। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि योगराज बत्रा, वाइस चेयरमैन रामकुमार शर्मा, डायरेक्टर देसराज, जितेंद्र कुमार, मैनेजर जसवंत सिंह मौजूद रहे। संवाद