संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के छह विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय युवा संसद पोर्टल के माध्यम से जिला युवा संसद के लिए किया गया। इनमें वर्तिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि जिला युवा संसद युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित एक मंच है जहां 18-25 वर्ष के युवा राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करते हैं। भारत के 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में योगदान के लिए यह कवायद की जा रही है।
आरकेएसडी कॉलेज के चयनित विद्यार्थियों में पूजा, गर्विता, स्नेहा, वार्तिका, खुशी और लोकेश शामिल थे। इन विद्यार्थियों ने माई भारत पोर्टल पर अपने वीडियो अपलोड किए। इस संदर्भ में जिला स्तरीय प्रतियोगिता बीआर आंबेडकर कॉलेज में आयोजित की गई जिसमें 80 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में आरकेएसडी कॉलेज की वार्तिका ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
इस सफलता पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यबीर मेहला ने उसे बधाई दी। सायं सत्र प्रभारी डॉ. हरिंदर गुप्ता, डॉ. रितु कांग, डॉ. सुरुचि शर्मा, अजय शर्मा, डॉ. राजेश देसवाल, डॉ. संजय गर्ग एवं राजेश ने भी विद्यार्थियों को बधाई दे उज्ज्वल भविष्य की कामना की।