कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में शुक्रवार को संस्थापक स्व. सेठ मक्खन लाल का 72वां संस्थापक दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन ने घोषणा करते हुए बताया कि संस्था अब अपनी छठी इकाई—इंटरनेशनल स्किल सेंटर की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत एआई व कौशल आधारित प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे।
यह केंद्र कॉलेज और नवीन जिंदल फ़ाउंडेशन के बीच हुए नवीनतम एमओयू के तहत खोला जा रहा है। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत रामकृष्ण हॉल में आयोजित हवन–यज्ञ के साथ हुई। कॉलेज अध्यक्ष अश्वनी कुमार शोरेवाला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि आरकेएसडी कॉलेज प्रदेश में उच्च शिक्षा का उज्ज्वल केंद्र इसलिए बन पाया है क्योंकि संस्थापक ने शिक्षा को समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम माना। कार्यक्रम में राष्ट्रीय विद्या समिति के उपाध्यक्ष श्याम बंसल, प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष महेश मंगल, राष्ट्रीय विद्या समिति एवं प्रबंधन समिति के महासचिव पंकज बंसल, कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, नवनीत गोयल आदि उपस्थित रहे।