संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। नगर पालिका पूंडरी के चुनाव में वार्ड नंबर-दो में राजनीतिक सरगर्मी से रोचक स्थिति पैदा हो गई। दरअसल, भाजपा का सिंबल (चुनाव चिह्न) लौटाने के बाद तरनजीत कौर ने पार्टी में फिर अपनी आस्था जताई। इसके बाद आजाद उम्मीदवार तरनजीत कौर को भाजपा के चुनाव चिह्न पर नामांकन भरने वाली विद्यावति ने समर्थन का एलान कर दिया। इस प्रकार तरनजीत कौर का पार्षद बनना तय हो गया है।
इस राजनीतिक गणित का श्रेय हलका विधायक सतपाल जांबा के प्रयासों को बताया जा रहा है। गौरतलब है कि पार्षद पद के लिए भाजपा ने तरनजीत कौर को अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन सूची जारी होने के एक दिन बाद ही उन्होंने भाजपा का चुनाव चिह्न लौटा दिया। इसके बाद पार्टी ने भाजपा का चुनाव चिह्न विद्यावती पत्नी दर्शन सिंह को दे दिया लेकिन इस बीच तरनजीत कौर ने फिर से भाजपा में अपनी आस्था जता दी।
तब हलका विधायक सतपाल जांबा के प्रयासों से विद्यावती ने तरनजीत कौर को अपना समर्थन दे दिया। इससे वार्ड नंबर-दो से अब सर्वसम्मति से तरनजीत कौर पार्षद बन जाएंगी। दरअसल, इस वार्ड से महज तीन नामांकन आए हैं। इनमें तरनजीत कौर व उसकी बहन कर्मजीत कौर के अलावा भाजपा से विद्यावती के नाम शामिल थे, लेकिन अब विद्यावती ने तरनजीत कौर को समर्थन दे दिया है। कर्मजीत कौर और विद्यावती ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए हैं।