संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन ने शनिवार को जडौला में बलिदानी हवलदार मान सिंह के 52वें बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर शहीद के परिवार को सम्मान दिया गया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ बलिदानी मानसिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित करके किया। पूर्व सैनिक कर्मबीर फौजी ने हरियाणवी रागनियों के माध्यम से उनकी वीरगाथा का गुणगान किया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर बलिदानी के भाई पृथ्वी सिंह ने शिरकत की। जबकि विशिष्ट अतिथि एसोसिएशन के प्रधान जगजीत सिंह फौजी व पूर्व सैनिक एवं जिला परिषद सदस्य कर्मबीर फौजी रहे। इस अवसर पर प्रधान जगजीत सिंह फौजी ने कहा कि शहीद मान सिंह भारतीय सेना के 19 पंजाब रेजिमेंट के योद्धा थे। वह 1971 की भारत-पाक की लड़ाई में शहीद हुए थे।
उन्होंने कहा कि बलिदानी हमारे पूर्वज हैं, इनका हमें पूरा मान सम्मान करना चाहिए। शहीदों के परिवारों का मान सम्मान करना हमारे लिए उन वीर सपूतों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि बलिदानी किसी एक परिवार का नहीं होता बल्कि पूरे देश का होता है। इसलिए हमें ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में बलिदानी के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही सूबेदार मेजर सतपाल सिंह की धर्मपत्नी केसर देवी जड़ौला को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक कैप्टन नरेंद्र सिंह,सुबेदार पूना राम, खजान सिंह, राम सिंह, कैप्टन अभे राम, कैप्टन नर सिंह, सूबेदार मुख्तयार सिंह, हवलदार मदन सिंह, उदयभान, स्कूल के प्रिंसिपल रणदीप सिंह के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।