कैथल। जननायक जनता पार्टी सुप्रीमो डाॅ. अजय चौटाला ने कहा कि इस्तीफों से समाधान नहीं निकलते, बातचीत से ही समस्याओं का हल निकलता है। उन्होंने कहा कि जजपा की सोमवार को विधायक दल की बैठक है, जिसमें रामकरण काला से अनुरोध किया जाएगा कि वे अपना इस्तीफा वापस लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी किसानों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाए हुए हैं। किसानों की समस्या का समाधान किया जा रहा है।
कैथल के हिंदू कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया के सवालों के जवाब में डाॅ. अजय चौटाला ने कहा कि विधायक रामकरण काला ने मुख्यमंत्री से मांग की थी कि किसानों को मुआवजा दिया जाए। रामकरण काला ने इस्तीफा डिप्टी सीएम को भेज दिया है। अजय चौटाला ने कहा कि हरसिमरत कौर बादल ने भी इस्तीफा दिया था। उनके भाई अभय चौटाला ने भी इस्तीफा दिया है। कोई हल नहीं निकला।
गठबंधन को लेकर उठ रहे सवालों पर अजय चौटाला ने कहा कि गठबंधन के दो मुखिया मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। दोनों पार्टियों में कोई दूरियां नहीं हैं। भाजपा-निर्दलीय विधायकों की बैठक पर अजय चौटाला ने कहा कि निर्दलीय विधायक शुरू से ही भाजपा के साथ हैं।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन देने के वादे पर अजय चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार ने तीन साल में 750 रुपये बढ़ाए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा 10 साल सीएम रहे, वे 10 साल में बता दें कि कितनी पेंशन बढ़ाई है।
कृष्ण बेदी की जजपा विधायक पर टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि वे किसी पर टिप्पणी नहीं करते। गठबंधन में सीएम भाजपा से होने के बावजूद मिशन दुष्यंत 2024 के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले हमारे भी सीएम रहे हैं, भाजपा हमारी सहयोगी पार्टी रही है। यह तो होता रहता है। चुनाव के दौरान तय होगा, कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। हमारा लक्ष्य कांग्रेस को सत्ता से दूर रखना है। कांग्रेस सत्ता से तभी दूर रहेगी जब जजपा व भाजपा मिलकर चुनाव लड़ें। बीरेंद्र सिंह के जजपा विधायकों को भाजपा में शामिल करवाने के दावे पर कहा कि वे एक विधायक को भी शामिल करवा दें, हम अपनी दुकान बंद कर घर चले जाएंगे।