संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। न्यू पटेल नगर के निवासी इन दिनों गंदे और बदबूयुक्त पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। वीरवार को कॉलोनीवासियों ने संबंधित विभाग के खिलाफ नाराज़गी जताई और शीघ्र समाधान की मांग की।
स्थानीय निवासी सुलोचना, निर्मला, गुड्डी और धर्मबीर गर्ग ने बताया कि वे कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। कॉलोनी में प्रतिदिन गंदा पानी आ रहा है, जो कई बाल्टियों पानी व्यर्थ बहाने के बाद ही थोड़ा साफ होता है।
उन्होंने बताया कि जब भी संबंधित जेई (कनिष्ठ अभियंता) को फोन किया जाता है, तो वह कॉल उठाते नहीं हैं। एक बार ऑपरेटर को भी सूचित किया गया, लेकिन नतीजा शून्य रहा। कॉलोनीवासी लगातार गंदा पानी पीने के कारण बीमार पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें अस्पताल का खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
निवासी धर्मबीर ने बताया कि जब जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अक्षय कुमार मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि पानी में बदबू है और यह पीने योग्य नहीं है। कॉलोनीवासियों ने मांग की पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जाए। जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।