सीवन। नगर में स्वच्छता के लिए नगर पालिका के चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विशेष सफाई एवं जागरूकता अभियान जारी है। यह पखवाड़ा नगर पालिका सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है और 21 जून तक चलेगा।
वीरवार को अभियान के तहत नगर पालिका कर्मियों ने सड़कों पर फैली गंदगी हटाई और जगह-जगह बने गड्ढों को भरने का कार्य किया। साथ ही नगर बाजार में पीली पट्टी के निशान लगाए गए, ताकि दुकानदार निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और अतिक्रमण की स्थिति न उत्पन्न हो।
सचिव दीपक कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी की और नगरवासियों से संवाद करते हुए स्वच्छता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा, कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी आदत बननी चाहिए। जिस तरह हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी भावना से नगर को भी स्वच्छ रखना चाहिए, क्योंकि यह हमारा साझा घर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थान पर डालें। संवाद